Explore

Search

June 1, 2026 11:34 pm

बड़हरिया : शहजाद अली हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

एसआईटी की कार्रवाई में मिली सफलता, सात नामजद समेत अन्य के खिलाफ दर्ज है मामला


  • शिवराजपुर में शहजाद अली हत्याकांड मामले में एक आरोपी गिरफ्तार।
  • पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया।
  • सात नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी।
  • फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी।

सिवान: बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में हुए शहजाद अली हत्याकांड मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने घटना में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 30 मई 2026 को शिवराजपुर निवासी शहजाद अली, पिता कयामुद्दीन शाह, की हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए और मामले की गहन जांच शुरू की।
इस मामले में बड़हरिया थाना में कांड संख्या 230/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने सात नामजद अभियुक्तों सहित अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया।
घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी जांच एवं मानवीय सूचना के आधार पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिवराजपुर निवासी अवधेश चौधरी, पिता ड्राइवर चौधरी, के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
छापेमारी अभियान में बड़हरिया थानाध्यक्ष पु.अ.नि. छोटन कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे प्रसारित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 अथवा डायल-112 पर दें।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर