Explore

Search

June 1, 2026 11:30 pm

बड़हरिया : शहज़ाद अली की मॉब लिंचिंग कर हत्या मामले में अल्पसंख्यक आयोग सख्त, एसपी से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने सिवान एसपी को जारी किया पत्र।
  • शहजाद अली हत्याकांड को प्रथम दृष्टया मॉब लिंचिंग की घटना बताया।
  • दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई कर आयोग को अवगत कराने का निर्देश।
  • कार्रवाई नहीं होने पर आयोग ने स्वयं जांच प्रक्रिया शुरू करने की चेतावनी दी।

आयोग ने कहा, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई


सिवान : बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर साईं टोला निवासी शहजाद अली हत्याकांड मामले में बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने पुलिस अधीक्षक, सिवान को पत्र जारी कर मामले में अविलंब कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा आयोग को कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया है।

बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो तथा समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों से यह जानकारी प्राप्त हुई है कि शिवराजपुर गांव निवासी 25 वर्षीय शहजाद अली को कुछ लोगों द्वारा घर से बुलाकर ले जाया गया और कथित रूप से पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

गौरतलब है कि मृतक की पत्नी मोबीना खातून ने बड़हरिया थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में गांव के अमित चौधरी, प्रमोद मांझी, धठु मांझी, अवधकिशोर चौधरी, गुड्डू मांझी, राजन चौधरी, मंटू कुमार सहित आठ नामजद तथा 8 से 10 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सभी ने साजिश के तहत शहजाद अली को बुलाकर ले गए और उनकी पिटाई की, जिससे उनकी मौत हो गई।

आयोग ने पत्र में उल्लेख किया है कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह मामला मॉब लिंचिंग का प्रतीत होता है। ऐसे संवेदनशील मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मृतक की पत्नी और बच्चे

 

आयोग ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए आयोग को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है तो आयोग स्वयं मामले में अन्वेषण की प्रक्रिया प्रारंभ कर अग्रेतर कार्रवाई करेगा।

मामले में पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर