✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बड़हरिया के कैल टोला बाजार की घटना, खेत में काम के दौरान हुआ हादसा
सिवान : बड़हरिया थाना क्षेत्र के कैल टोला बाजार में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक खेत में पेड़ की डाली काट रहा था। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
मृतक की पहचान कैल टोला निवासी मोहम्मद राजा खान के 34 वर्षीय पुत्र सद्दाम खान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे सद्दाम खान अपने खेत में पेड़ की डालियों की कटाई कर रहे थे। पेड़ के ऊपर से टावर पोल के माध्यम से एक लाख 33 हजार वोल्ट का हाईटेंशन विद्युत तार गुजरा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सद्दाम खान पेड़ पर चढ़कर एक-दो डालियां ही काट पाए थे कि अचानक विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में उनके शरीर के कई हिस्से बुरी तरह जल गए थे।
घटना के समय पास के खेत में कृषि कार्य कर रहे लोगों की नजर जब सद्दाम पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाते हुए स्वजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सद्दाम खान को आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं घटना की जानकारी फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्वजनों ने विद्युत विभाग के एसडीओ एवं बड़हरिया थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। एसआई अमित कुमार शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा ऐसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी प्रशासन से की है।

