Explore

Search

March 23, 2026 2:05 am

बड़हरिया : पुरानी रंजिश में कुड़वा में हिंसक झड़प, मुखिया समेत कई लोग घायल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बाइक से झोला सटने पर शुरू हुआ विवाद, पत्थरबाजी और चाकूबाजी तक पहुंचा मामला

  • मुखिया भट्टू सहित दोनों पक्षों के कई लोग घायल
  • कहासुनी के बाद मारपीट, फिर गांव में दोबारा भड़का विवाद
  • बीच-बचाव करने पहुंचे व्यक्ति पर भी चाकू से हमला
  • सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी

सिवान : बड़हरिया थाना क्षेत्र के कुड़वा पंचायत के कुड़वा गांव में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में मुखिया भट्टू समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब आठ बजे कुड़वा पंचायत के मुखिया अपने क्षेत्र के कुवही गांव स्थित बिन टोली के पास बड़हरिया-सिवान मुख्य मार्ग किनारे बने नाले की सफाई कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान कुड़वा गांव निवासी जहांगीर आलम कर्बला बाजार से सामान लेकर लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जहांगीर आलम का झोला मुखिया की बाइक से सट गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। इस दौरान मुखिया पक्ष से तीन लोग घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से दो लोग जख्मी बताए जा रहे हैं।
वहीं, मौके पर मौजूद जोगिंदर बिन झगड़ा शांत कराने पहुंचे, लेकिन इसी दौरान किसी ने उनके पैर में चाकू मार दिया, जिससे वे भी घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने गांव कुड़वा लौट गए, जहां एक बार फिर विवाद भड़क उठा और पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान चाकूबाजी की भी घटना सामने आई, जिसमें दोनों पक्षों से करीब पांच लोग और घायल हो गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जो इस घटना का मुख्य कारण बनी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर