Explore

Search

May 31, 2026 11:04 pm

बड़हरिया : कैमुद्दीन साईं के पुत्र शहजाद अली की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी ने आठ नामजद समेत कई लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों में मचा कोहराम, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

• बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर साईं टोला की घटना
• पत्नी ने आठ नामजद व 8-10 अज्ञात लोगों पर दर्ज कराया मामला
• गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद हुई मौत
• पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की


बड़हरिया (सीवान) : थाना क्षेत्र के बहुआरा कादिर पंचायत अंतर्गत शिवराजपुर साईं टोला निवासी कैमुद्दीन साईं के पुत्र शहजाद अली की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक की पत्नी मोबीना खातून ने बड़हरिया थाना में आवेदन देकर गांव के ही आठ लोगों को नामजद करते हुए 8-10 अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

थाने को दिए गए आवेदन में मोबीना खातून ने आरोप लगाया है कि 30 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे अमित चौधरी, प्रमोद मांझी, धठु मांझी, अवधकिशोर चौधरी, गुड्डू मांझी, राजन चौधरी, मंटू कुमार सहित अन्य लोग उनके घर पहुंचे और उनके पति शहजाद अली को बुलाकर अपने साथ ले गए। करीब चार घंटे बाद फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उनके पति की मौत हो गई है।

आवेदन में कहा गया है कि जब परिजन मौके पर पहुंचे तो शहजाद अली के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान थे। पत्नी का आरोप है कि सभी आरोपितों ने साजिश के तहत उनके पति को अपने साथ ले जाकर किसी पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। साथ ही मृतक का मोबाइल फोन, चांदी की चेन तथा जेब में रखे पांच हजार रुपये भी ले लिए गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार को शहजाद अली शिवराजपुर स्थित मठिया के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ युवक उन्हें वहां से अपने साथ लेकर गए। बाद में गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलने पर बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरिया में भर्ती कराया। वहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सिवान रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण बड़हरिया थाना पहुंचे। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और तीन पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर