बड़हरिया : अदीबा ने अंतरराष्ट्रीय नैनो ऑटोग्राफी प्रतियोगिता में मारी बाजी, पीपुल्स च्वाइस अवार्ड से सम्मानि
✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: बड़हरिया थाना में पदस्थापित एसआई हारुण राशिद खान की पुत्री अदीबा ने अंतरराष्ट्रीय नैनो ऑटोग्राफी प्रतियोगिता 2024 में शानदार प्रदर्शन कर पीपुल्स च्वाइस अवार्ड हासिल किया। इस उपलब्धि से उन्होंने अपने माता-पिता समेत पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया।
जानकारी के अनुसार, अदीबा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में भौतिकी विषय में पीएचडी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 29 देशों के 300 प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जिसका रिजल्ट 27 नवंबर को घोषित किया गया। संपूर्ण भारत से कुल 11 प्रतिभागियों का चयन हुआ, जिनमें अदीबा भी शामिल थीं। 3 फरवरी को उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह वैश्विक स्तर की प्रतियोगिता संयुक्त रूप से अमेरिका के एजे ड्रेक्सेल नैनोमैटेरियल्स इंस्टीट्यूट, विर्क नैनोटेक्नोलॉजी सेंटर और पर्ड्यू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जाती है। अदीबा की इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों और जिले के लोगों में हर्ष का माहौल है।

