✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- मृतक के भाई अलाउद्दीन अंसारी ने थाने में दिया आवेदन
- गोसोपाली के अजीत यादव व हबीबनगर के धर्मेंद्र यादव नामजद
- चार अज्ञात बदमाशों पर भी गोली मारने का आरोप
जनाजे में उमड़ी भीड़, गांव में पुलिस की कड़ी निगरानी - जनाजे के बाद गांव में तनाव, पुलिस कर रही निगरानी सिवान
सिवान : हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हबीबनगर पंचायत स्थित शंकरपुर गांव निवासी फिरोज अंसारी (30) की हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियातन पुलिस पूरे गांव पर नजर बनाए हुए है।
थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह की देखरेख में शनिवार को मृतक फिरोज अंसारी का जनाजा निकाला गया, जिसके बाद उन्हें उनके गांव शंकरपुर के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाजे में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से काफी संख्या में लोग शामिल हुए।
इस मामले में मृतक के भाई अलाउद्दीन अंसारी ने शनिवार को हुसैनगंज थाने में आवेदन देकर दो नामजद तथा चार अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। दिए गए आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि 13 मार्च की शाम उनका भाई घर से कुछ दूरी पर गया था। इसी दौरान पूर्व से घात लगाए बैठे गोसोपाली निवासी अजीत कुमार यादव और हबीबनगर निवासी धर्मेंद्र यादव सहित चार अज्ञात बदमाशों ने उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी।
परिजनों के अनुसार हमले में फिरोज अंसारी को एक गोली पेट में, दूसरी गोली सिर में तथा अन्य कई गोलियां शरीर के विभिन्न हिस्सों में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि इस मामले में अजीत कुमार यादव, धर्मेंद्र यादव एवं चार अज्ञात के विरुद्ध आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की पूरी तरह छानबीन कर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
बताया जाता है कि इससे पहले 11 मार्च की शाम भी बाइक सवार तीन बदमाशों ने फिरोज अंसारी के घर पहुंचकर उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की थी। हालांकि उस समय हथियार मिसफायर हो जाने के कारण वह बाल-बाल बच गया था। इस घटना को लेकर फिरोज ने कांड संख्या 119/26 के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
फिलहाल पुलिस इस मामले में साक्ष्य एकत्रित कर अनुसंधान तेज करने का दावा कर रही है। हालांकि जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए पुलिस अधिकारी फिलहाल ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

