✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
ब्लैक में गैस नहीं देने पर एजेंसी मालिक पर हमला
- पचरुखी थाना क्षेत्र में गैस एजेंसी संचालक पर चाकू से हमला
- ब्लैक में सिलेंडर देने से इनकार पर हुआ विवाद
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को किया गिरफ्तार
- मामले में बीएनएस की कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
सिवान: जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में गैस की अवैध मांग को लेकर हिंसा का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:00 बजे पचरुखी थाना को एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ। आवेदन में साई वार्सी इंडेन गैस एजेंसी के मालिक मो. कलीम अख्तर ने आरोप लगाया कि मलुपुर निवासी अजीत कुमार उर्फ भोला ने उनसे ब्लैक में गैस सिलेंडर की मांग की।
जब गैस एजेंसी संचालक ने अवैध रूप से सिलेंडर देने से इनकार किया, तो आरोपी ने जानलेवा हमला करते हुए चाकू से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
इस मामले में पचरुखी थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 308(3) और 109 के तहत कांड दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर नामजद अभियुक्त अजीत कुमार उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में पचरुखी थाना के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रही, जिसमें सहायक अवर निरीक्षक पिंटू कुमार, रंजीत कुमार, सिपाही राजेश कुमार गुप्ता तथा गृह रक्षक राजन कुमार यादव शामिल थे।
सिवान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, अनियमितता या अवैध वसूली की सूचना तुरंत स्थानीय थाना, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9031683607 या डायल 112 पर दें।

