✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
हादसे में एक की मौके पर मौत, घायल को पीएमसीएच रेफर किया गया
पचरुखी थाना क्षेत्र के पड़ौली-बरियारपुर मार्ग पर शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान सादिकपुर निवासी मोहन यादव के 51 वर्षीय पुत्र रामाशंकर यादव के रूप में हुई, जबकि घायल फलपुरा निवासी श्याम सिंह बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी।
बताया जाता है कि रामाशंकर यादव और श्याम सिंह एक ही बाइक पर सवार होकर पचरुखी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामाशंकर यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पचरुखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घायल श्याम सिंह की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण उन्हें सांत्वना दे रहे हैं। सादिकपुर पंचायत के मुखिया उपेंद्र सिंह ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

