✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- रंगदारी मांगने के आरोपी ने न्यायालय में किया सरेंडर
- 2 लाख रुपये की मांग, नहीं देने पर दी थी जान से मारने की धमकी
- पुलिस दबिश के कारण आरोपी ने उठाया यह कदम
- जल्द रिमांड पर लेकर होगी गहन पूछताछ
- नौतन थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस जांच तेज
सिवान: नौतन थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने के मामले में नामजद आरोपी ने गुरुवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की तैयारी में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि छह मार्च को नौतन थाना क्षेत्र स्थित राजू ज्वेलर्स के मालिक राजू कुमार साह से पिपरा निवासी मंजेश पांडेय एवं उसके सहयोगियों द्वारा दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पैसे नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
इसके बाद सात मार्च को भी आरोपी द्वारा फोन कॉल के माध्यम से पुनः धमकी दी गई। पीड़ित के आवेदन के आधार पर नौतन थाना में सात मार्च को धारा 308(5)/308(4) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
पुलिस की लगातार दबिश और कार्रवाई के दबाव में आकर आरोपी मंजेश पांडेय ने अंततः गुरुवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूरे मामले की गहन पूछताछ करेगी, ताकि अन्य संलिप्त आरोपियों की भी पहचान की जा सके।

