✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
घायल कातिब ने गांव के ही लोगों पर लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
नौतन (सीवान): नौतन थाना क्षेत्र के पचलखी गांव में मंगलवार सुबह भूमि विवाद को लेकर बदमाशों ने जिला निबंधन कार्यालय के कातिब को गोली मार दी। घायल को स्थानीय लोगों व स्वजनों की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल युवक की पहचान पचलखी निवासी नागेंद्र कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वे जिला निबंधन कार्यालय में कातिब का कार्य करते हैं और गांव के कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा था। घटना के समय विभागीय कर्मी द्वारा एक भूमि की फोटोग्राफी की जा रही थी, तभी सात से आठ की संख्या में आए बदमाशों ने हथियार निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उन्हें भी गोली लग गई। गोली की आवाज सुनकर जब अन्य लोग वहां पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नौतन थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर गोलीबारी हुई है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है।

