Explore

Search

February 23, 2026 4:14 am

नौतन: दो दिन में कई बार फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत, प्राथमिकी के बाद जांच शुरू

नौतन: दो दिन में कई बार फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत, प्राथमिकी के बाद जांच शुरू

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, नामजद समेत एक दर्जन अज्ञात पर मामला दर्ज
सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में लगातार दो दिनों तक हुई फायरिंग की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है। बदमाशों ने कई राउंड गोलीबारी कर ग्रामीणों में भय व्याप्त कर दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बदमाशों को फायरिंग करते हुए तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से गोली के खोखे अपने साथ ले जाते हुए देखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्रामपुर गांव सीमावर्ती क्षेत्र में होने के कारण यहां से शराब तस्करों का आवागमन बना रहता है। शुक्रवार की संध्या गांव के मोड़ पर हृदयानंद पटेल के पुत्र संदीप पटेल अंडे की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे कथित शराब तस्करों ने उन्हें धक्का मार दिया, जिससे कहासुनी शुरू हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन जाते-जाते आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी।
बताया जाता है कि घटना के करीब डेढ़ से दो घंटे बाद रात लगभग नौ बजे बाइक सवार बदमाशों ने संदीप के छोटे भाई अमित पटेल का पीछा किया। अमित किसी तरह भागकर घर में छिप गए और अपनी जान बचाई। इसके बाद हमलावरों ने करीब दस मिनट तक उनके घर पर पत्थरबाजी और फायरिंग की। पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो चुके थे।
शनिवार की दोपहर लगभग 15 की संख्या में बदमाश दोबारा गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार के घर के बाहर गाली-गलौज करते हुए फायरिंग की। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के साथ मैरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरी कुमारी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
पीड़ित हृदयानंद पटेल ने नौतन थाना में आवेदन देकर छह लोगों को नामजद तथा लगभग एक दर्जन अज्ञात बदमाशों को आरोपित किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है, ताकि क्षेत्र में भय का माहौल समाप्त हो सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर