Explore

Search

March 23, 2026 3:38 pm

नौतन: आवास सहायक ने मुखिया के परिवार पर मारपीट व धमकी का लगाया आरोप

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

बाइक, दस्तावेज और नकदी छीनने का आरोप, डीएम-एसपी से की शिकायत

सीवान: नौतन प्रखंड क्षेत्र के गंभीरपुर पंचायत के आवास सहायक लालबाबू यादव ने स्थानीय मुखिया के पति और उनके पुत्र पर गाली-गलौज, मारपीट और बाइक एवं दस्तावेज छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने डीएम, एसपी, डीडीसी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित आवास सहायक ने अपने आवेदन में बताया कि एक मार्च को जब वह आवास सर्वेक्षण के कार्य से प्रखंड कार्यालय की बैठक में शामिल होने जा रहे थे, तभी गंभीरपुर पंचायत की मुखिया हाजरा खातून के पति नयमुद्दीन अंसारी और उनके पुत्र दिलशाद अंसारी ने गोपालबाबा स्थान के पास रास्ता रोक लिया। उन्होंने अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि आवास सर्वे का कार्य उनके दरवाजे पर बैठकर किया जाए और उन्हीं के कहे अनुसार लोगों के नाम सूची में जोड़े जाएं। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो नयमुद्दीन अंसारी ने मुखिया होने का धौंस दिखाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और उनकी बाइक की चाबी निकाल ली।

आवास सहायक लालबाबू यादव ने आरोप लगाया कि पिता-पुत्र ने मिलकर जान से मारने की नीयत से उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी जेब से नकदी और गले की चेन भी छीन ली गई। किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भाग निकले और विकास मित्र के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि छीनी गई बाइक की डिक्की में आवास सर्वेक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। घटना को लेकर उन्होंने उच्चाधिकारियों से न्याय की मांग की है। मामले को लेकर अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर