Explore

Search

April 30, 2026 9:07 am

दारौंदा : सड़क हादसे में किशोर निक्की की मौत, तिलक की खुशी पलभर में मातम में बदली

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

दारौंदा के महाचंवर गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सिवान जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र के महाचंवर गांव के एक किशोर की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मनोज महतो के पुत्र निक्की कुमार के रूप में की गई है। यह हादसा रविवार की रात महाराजगंज के जगदीशपुर गांव के समीप हुआ।

सूत्रों के अनुसार निक्की अपने चचेरे भाई के तिलक समारोह की तैयारी में जुटा था और सामान खरीदने बाइक से महाराजगंज गया था। लौटते समय जगदीशपुर के पास तेज गति से आ रहे एक वाहन से साइड लेने के दौरान वह बाइक से संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही निक्की का शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मां मीरा देवी, पिता मनोज महतो, दादा राजकरण महतो, भाई विक्की कुमार और मधु कुमार समेत पूरे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।

जिस घर में तिलक समारोह की तैयारी चल रही थी, वहां मातम छा गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और सैकड़ों ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर