दारौंदा: बरात में फायरिंग से दूल्हे के मामा घायल, दूल्हे पक्ष ने शादी से किया इन्कार; मान-मनौव्वल के बाद संपन्न हुआ विवाह
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
भिखारीपुर में रस्म के दौरान चली गोली, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सिवान: दारौंदा थाना क्षेत्र के भिखारीपुर स्थित भरोस कुंवर के टोला में मंगलवार की रात आई बरात के दौरान अचानक फायरिंग की घटना से अफरातफरी मच गई। गोली लगने से दूल्हे के मामा सिद्धेश्वर भारती गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके भतीजे को कट्टा के बट से प्रहार कर सिर फोड़ दिया गया।
घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिद्धेश्वर भारती को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर किया गया। स्वजनों के अनुसार गोली सीने में फंसी थी, जिसे निकालने के लिए ऑपरेशन किया गया। वहीं उनके भतीजे को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। समाचार प्रेषण तक भतीजे के नाम की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
बताया जाता है कि भिखारीपुर में धर्मेंद्र गिरि के यहां सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र के गोदना गांव से बरात आई थी। दरवाजे पर बरात लगने की रस्म चल रही थी, तभी अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोली सिसवन थाना क्षेत्र के घुरघाट निवासी सिद्धेश्वर भारती के सीने में जा लगी। घटना के बाद शादी समारोह में खुशी की जगह मातम जैसा माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
घटना के बाद दूल्हे पक्ष ने आक्रोश में शादी करने से इन्कार कर दिया। दोनों पक्षों के बीच देर रात तक बातचीत और मान-मनौव्वल का दौर चला। रिश्तेदारों और ग्रामीणों के हस्तक्षेप तथा सामाजिक पहल के बाद अंततः आपसी सहमति से विवाह संपन्न कराया गया।