Explore

Search

March 5, 2026 2:50 am

दारौंदा: दुगोला चैता में बिखरी लोक संस्कृति की अनुपम छटा

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

लोक गायन की परंपरा को सहेजने का प्रयास, दर्शकों ने लिया भरपूर आनंद

दारौंदा (सिवान) : प्रखंड के कोड़ारी कला पंचायत के रामा छपरा गांव स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में मंगलवार की रात भव्य दुगोला चैता का आयोजन हुआ। इस सांस्कृतिक आयोजन में लोक संस्कृति और सभ्यता की झलक देखने को मिली। पूरी रात दर्शकों ने इस आयोजन का भरपूर आनंद उठाया और लोक गायन की अनुपम छटा से मंत्रमुग्ध हो गए।

गायन प्रतियोगिता में हुआ शानदार मुकाबला
चैता गायन प्रतियोगिता में दो प्रसिद्ध लोक गायक अरविंद अभियंता और कमलबास कुंवर के बीच शानदार मुकाबला हुआ। दोनों कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज और बेहतरीन प्रस्तुति से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। खासतौर पर गीत “ए रामा पिया पिया रटते… पियर भईले देहिया” पर दर्शकों की तालियों की गूंज देर तक सुनाई देती रही।

सम्मान और सराहना
कार्यक्रम की शुरुआत में ग्रामीणों ने चैता गायकों कमलबास कुंवर और अरविंद अभियंता को फूल-मालाओं और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरुण सिंह ने नवयुवक संघ को इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि “ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारा मजबूत होता है। लोक गायन हमारी सांस्कृतिक धरोहर है और इसे संजोकर रखना आवश्यक है।”

चैता गायन: परंपरा और आधुनिकता का संगम
वरुण सिंह ने कहा कि चैता लोक गायन हमारी परंपराओं और संस्कृति की पहचान है। जब आधुनिकता तेजी से हावी हो रही है, तब इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन एक सकारात्मक पहल है। इससे समाज में मेलजोल बढ़ता है और सामाजिक समरसता को बल मिलता है।

रामायण प्रसंग और हास्य संवादों ने बढ़ाया आकर्षण
चैता प्रतियोगिता की शुरुआत रामायण प्रसंग से हुई, जिसमें एक-दूसरे पर कटाक्ष और हास्य से भरपूर संवाद भी शामिल थे। इससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक रोचक हो गया।

इस अवसर पर मंटू तिवारी, प्रभुनाथ तिवारी, प्रिंस सिंह, शोभनाथ सिंह, विनय सिंह, रंजीत यादव, रामाश्रय कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर