Explore

Search

March 6, 2026 4:28 am

दारौंदा : चलती ट्रेन में सवार होने के दौरान गिरा जवान, इलाज के दौरान मौत

चलती ट्रेन में सवार होने के दौरान गिरा जवान, इलाज के दौरान मौत
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
दारौंदा स्टेशन पर हुआ हादसा, बेगूसराय में तैनात था बिहार पुलिस का जवान
सिवान: दारौंदा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में सवार होने के दौरान बिहार पुलिस का एक जवान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना चार मार्च की रात करीब 8:15 बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान एमएच नगर थाना क्षेत्र के मंदरौली निवासी मदन प्रसाद के पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राजेश कुमार बिहार पुलिस में कार्यरत थे और वर्तमान में बेगूसराय में पदस्थापित थे।
मृतक के पिता मदन प्रसाद ने बताया कि उनका पुत्र पटना जा रहा था। इसी दौरान दारौंदा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में वह अचानक गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के संबंध में जंक्शन पर ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल संजय कुमार तिवारी ने बताया कि गाड़ी संख्या 11059 प्लेटफार्म संख्या तीन से गुजर रही थी। उसी दौरान किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि ओवरब्रिज के समीप एक व्यक्ति चलती ट्रेन में सवार होने के प्रयास में गिर गया है।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति ट्रैक और प्लेटफॉर्म के बीच गंभीर अवस्था में पड़ा मिला। उसके दोनों पैरों में गंभीर चोट लगी थी। घायल को स्टेशन प्रबंधक (एसएम) डीडीए से स्ट्रेचर लेकर प्वाइंट्समैन धीरेंद्र कुमार के सहयोग से टेंपो के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दारौंदा पहुंचाया गया।
घायल के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि कोई यात्रा टिकट नहीं मिला। उसी मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर एएसआई ग्यास सरवर भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। कुछ ही देर बाद घायल के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब 9:15 बजे जवान को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर