✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
दारौंदा (सिवान): थाना क्षेत्र के हाथोपुर तीनमुहानी के समीप पुलिस ने मंगलवार शाम वाहन जांच के दौरान एक कार से 200 लीटर देशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हड़साटाली गांव से दारौंदा की ओर आ रही एक कार में भारी मात्रा में देशी शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक सिल्वर रंग की कार पुलिस को देखकर भागने लगी और कुछ दूरी पर अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। कार में सवार चार लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दो को पकड़ लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान सारण के पूर्वी दहियांवा निवासी सन्नी कुमार एवं तेजस्वी कुमार के रूप में हुई है, जबकि हड़साटाली निवासी नागेंद्र कुमार यादव और कोल्हुआं निवासी राजेश कुमार यादव फरार हो गए। इस मामले में अनि अमित कुमार शर्मा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को न्यायालय भेज दिया गया।