✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
दरौली थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ कई पुराने आपराधिक मामले दर्ज
- दरौली थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार
- तलाशी में देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद
- आरोपी के पास मिली मोटरसाइकिल भी चोरी की निकली
- अभियुक्त पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
सिवान : जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सिवान पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। दरौली थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने अवैध आग्नेयास्त्र के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 15 मार्च 2026 को दरौली थाना पुलिस टीम द्वारा दरौली–गुठनी मुख्य मार्ग पर उकरेड़ी मोड़ के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और मोटरसाइकिल छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने उपलब्ध बल की सहायता से उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ में उसकी पहचान व्यास यादव, पिता स्वर्गीय सोरठ यादव, निवासी ककरीया डीह, थाना दरौली, जिला सिवान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए गए। वहीं मोटरसाइकिल के कागजात मांगे जाने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बाइक चोरी की है।
इस मामले में दरौली थाना में धारा 303(2) / 317(2) तथा 25(1-बी) / 26(1) आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी व्यास यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दरौली और गुठनी थाना में आर्म्स एक्ट, चोरी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, दो कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई में दरौली थाना के थानाध्यक्ष अविनाश झा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक विवेक कुमार, सिपाही शशिधर कुमार, चंदन कुमार ठाकुर, रविन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।

