Explore

Search

May 30, 2026 11:30 pm

दरौली : दरवाजे पर बैठी युवती को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

दरौली के दोन गांव में देर रात वारदात, नाम पूछने के बाद बदमाशों ने चलाई गोली


• दरौली थाना क्षेत्र के दोन गांव में युवती को गोली मारकर घायल किया गया।
• बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के मालिक का नाम पूछने के बाद घटना को अंजाम दिया।
• घायल काजल कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर किया गया।
• पुलिस मामले की जांच में जुटी, बदमाशों की पहचान का प्रयास जारी।

दरौली (सिवान) : दरौली थाना क्षेत्र के दोन गांव में गुरुवार की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवती को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवती की पहचान गांव निवासी आनंद बिहारी सिंह की 20 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार काजल कुमारी अपनी दादी के साथ घर के दरवाजे पर बैठी हुई थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और घर के मालिक के बारे में पूछताछ करने लगे। इसके बाद बदमाशों ने अचानक दो राउंड फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली काजल की बायीं जांघ में लग गई।

गोली लगते ही काजल चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ी। उसकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दादी द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक बदमाश मौके से फरार हो चुके थे।

घायल युवती को तत्काल दरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही दरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश कौन थे और वारदात के पीछे उनका उद्देश्य क्या था।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर