✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
दरौली और जीबी नगर थाना पुलिस की कार्रवाई, कट्टा और गोली बरामद
सिवान: जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि दरौली थाना क्षेत्र के बलहूं कुर्मी टोला निवासी सचिन कुमार सिंह को एक कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया है। चार मार्च की दोपहर करीब दो बजे दरौली थाना को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम बलहूं स्थित कुर्मी टोला मोड़ के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ होली पर्व के दौरान हुड़दंग मचा रहा है। सूचना मिलते ही दरौली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सचिन कुमार सिंह को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में दरौली थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-बी) ए/26 (एक) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने बताया कि दूसरी घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र की है। चार मार्च की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जीबी नगर थाना को सूचना मिली कि ग्राम धनपुरा स्थित विकास भवन के पास एक युवक हाथ में कट्टा लेकर लहरा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान सुरवलीया निवासी अंकित कुमार गिरि को एक कट्टा और एक गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

