✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
दारौंदा पुलिस की कार्रवाई, लंबे समय से फरार आरोपी दबोचा गया
- गुप्त सूचना पर रसूलपुर बाजार में छापेमारी
- आर्म्स एक्ट के मामले में फरार था आरोपी
- पहले छापेमारी में दो साथी हो चुके थे गिरफ्तार
- आरोपी को न्यायालय भेजा गया
दारौंदा (सिवान): दारौंदा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के एक फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रविवार की शाम सारण जिले के रसूलपुर बाजार में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के असहनी निवासी धीरज कुमार यादव के रूप में हुई है। दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी दारौंदा थाना कांड संख्या 365/2025 में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2025 को बगौरा शिवालय मंदिर के समीप आपराधिक योजना बनाते समय छापेमारी की गई थी। उस दौरान आरोपी के दो साथी संदीप यादव और संजय यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि धीरज कुमार यादव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रसूलपुर बाजार में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सोमवार को आरोपी को सिवान न्यायालय भेज दिया गया।

