तरवारा: हत्या के दूसरे दिन भी नहीं हुई प्राथमिकी, पुलिस इंतज़ार में
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
धनपुरा नारा में मिली थी सत्यनारायण महतो की लाश, इलाके में फैली सनसनी
तरवारा (सिवान), 2 जून :
जीबी नगर थाना क्षेत्र के धनपुरा नारा के समीप संदिग्ध परिस्थिति में सत्यनारायण महतो का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक परिजनों द्वारा प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं दिया गया है, जिससे पुलिस की कार्रवाई ठप पड़ी हुई है।
मृतक का शव पुलिस ने शनिवार को घटनास्थल से बरामद कर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। हालांकि शव की हालत और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल ने बताया कि, “घटना के दूसरे दिन भी मृतक के स्वजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। जैसे ही आवेदन प्राप्त होगा, हम कानूनी कार्रवाई करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजेंगे।”
पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच की जा रही है, लेकिन औपचारिक प्राथमिकी के बिना कार्रवाई में देरी हो रही है।