✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
फोटोग्राफर से विवाद के बाद मारी गई गोली, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
- डीके सारंगपुर गांव में शादी समारोह के परिछावन के दौरान हुई फायरिंग
- फोटोग्राफर से विवाद के बाद मारी गई गोली
- पुलिस ने महज 3 घंटे में दो आरोपितों को किया गिरफ्तार
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद
सिवान: जी.बी. नगर थाना क्षेत्र के डीके सारंगपुर गांव में शादी के लिए निकली बारात के परिछावन में हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए महज तीन घंटे के अंदर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।यह घटना उसरी गांव के समीप कारित की गई थी।
बता दें कि 30 अप्रैल की शाम करीब चार बजे डीके सारंगपुर गांव के रामनाथ साह के पुत्र के विवाह समारोह में परिछावन के दौरान आयोजित ऑरकेस्ट्रा के नर्तकियों पर ईंट-पत्थर चलाने को लेकर फोटोग्राफर से हुए विवाद के बाद मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने कैमरा संचालक को गोली मार दी जिससे परिछावन में अफ़रातफ़री मच गई। मौजूद लोगों की मदद से घायल फोटोग्राफर नीतीश कुमार को पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर देखते बहुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।घायल फोटोग्राफर की हालत काफी चिंताजनक बताई जा रही है।
उधर सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह व जी.बी. नगर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने मौक़ा-ए-वारदात पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए अनुसंधान प्रारंभ किया।
उधर पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के दिशा निर्देश पर मामले का उद्भेदन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटना के 3 घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुमीत कुमार उर्फ विधी गिरी और संदीप सिंह के रूप में हुई है, जो उसी गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वहीं अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस संदर्भ में सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि घायल फोटोग्राफर के स्वजन के लिखित तहरीर पर एक नामजद प्राथमिकी सुसंगत धाराओं के अंतर्गत दर्ज कराई गई है।दर्ज प्राथमिकी के सभी नामजदों को हर हाल में गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

