Explore

Search

July 27, 2026 5:24 am

तरवारा : शादी समारोह में खून-खराबा, चाकू हमले में महिला की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ


• शादी के विवाद में युवक ने परिजनों पर किया हमला
• फुआ की मौत, पिता-चाचा सहित कई लोग घायल
• घायलों को सदर अस्पताल से पटना रेफर
• पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी


जीबी नगर थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव में रविवार की रात पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब शादी के रिश्ते से नाराज एक युवक ने अपने ही स्वजनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में उसकी फुआ फूलमती देवी की मौत हो गई, जबकि पिता, चाचा समेत परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका की पहचान जामोबाजार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी अजय सिंह की पत्नी फूलमती देवी के रूप में हुई है। वहीं घायल लोगों में सिकंदर कुमार, अभिषेक कुमार, नागेंद्र सिंह, अंजलि कुमारी, संध्या कुमारी, दीपक कुमार, योगेंद्र शर्मा और शोभा देवी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में लेकर चले गए, जहां उनका इलाज जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दीपक कुमार सिंह दूसरे राज्य में काम करता था और वहां उसका एक युवती से प्रेम संबंध था। लेकिन परिवार ने उसकी इच्छा के विरुद्ध गांव में उसकी शादी तय कर दी और उसे बहाने से घर बुला लिया। गांव पहुंचने पर उसे आगामी दिनों में बारात जाने की जानकारी मिली, जिससे वह आक्रोशित हो गया।
रविवार की रात इसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के साथ कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर दीपक ने घर में मौजूद परिजनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें उसकी फुआ की मौत हो गई और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शादी के दौरान उपहार स्वरूप ज्वेलरी देने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। विवाद के दौरान युवक ने अपने ही संबंधियों पर चाकू से हमला किया। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर