Explore

Search

May 30, 2026 8:27 pm

तरवारा में बड़ी कार्रवाई: चोरी की चार बाइक और शराब के साथ तीन गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता


सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से 33.42 लीटर अवैध शराब भी बरामद की गई है। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान थाना क्षेत्र के चौकी हसन निवासी सुदामा सिंह, दीनदयालपुर निवासी प्रिंस सिंह तथा धनु कुमार राम के रूप में हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बाइक चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 10 मई को विधि-व्यवस्था संधारण और अपराध नियंत्रण को लेकर थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार पुलिस को देखकर अचानक वाहन घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस को उसकी गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद मौजूद पुलिस बल की सहायता से उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस द्वारा पूछताछ और वाहन के सत्यापन के दौरान उक्त मोटरसाइकिल चोरी की निकली। इसके बाद आरोपी को विधि-सम्मत तरीके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, जिसके आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के श्रीकांत बंगरा में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी की तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। साथ ही मौके से 33.42 लीटर अवैध शराब भी जब्त की गई। पुलिस ने इस दौरान दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में बाइक चोरी से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गिरोह जिले के किन-किन इलाकों में सक्रिय था और चोरी की बाइक कहां खपाई जाती थी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच यह कार्रवाई राहत देने वाली है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाना को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर