✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
15 दिनों के भीतर कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी, नहीं तो होगी कुर्की की कार्रवाई
- भूमि विवाद में मारपीट के मामले का आरोपित लंबे समय से फरार।
- एससी-एसटी थाना पुलिस ने आरोपित के घर चिपकाया इस्तेहार।
- कोर्ट के आदेश पर की गई कार्रवाई।
- 15 दिनों के भीतर हाजिर नहीं होने पर कुर्की की चेतावनी।
सिवान: एससी-एसटी थाना पुलिस ने भूमि विवाद से जुड़े मारपीट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपित के घर इस्तेहार चिपकाया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में दर्ज कांड संख्या 05/26 में आरोपित जीबी नगर थाना क्षेत्र के हजपुरवा गांव निवासी प्रेम सागर सिंह के पुत्र टुनु उर्फ टुनटुन कुमार सिंह की गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की गई, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की अनुसंधानकर्ता (आईओ) प्रियंका कुमारी ने आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने पर उसके घर इस्तेहार चिपकाने के लिए न्यायालय में आवेदन दिया था। न्यायालय के निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपित के घर पहुंचकर विधिवत इस्तेहार चिपकाया।
पुलिस ने आरोपित के परिजनों को भी निर्देश दिया है कि उसे जल्द से जल्द न्यायालय में हाजिर कराएं। यदि निर्धारित अवधि के भीतर आरोपित आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो न्यायालय के अगले आदेश के अनुसार उसकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
इस्तेहार चिपकाने के बाद पुलिस ने आरोपित को हाजिर होने के लिए 15 दिनों का समय दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी।

