✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान: जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में गुरुवार को बरात निकलने के दौरान सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक कैमरा मैन को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। इस घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गोपाल निवासी बंधु प्रसाद के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि नीतीश शादी-विवाह में ड्रोन और कैमरा चलाने का काम करता है। गुरुवार को डीके सारंगपुर गांव से छपरा के लिए बरात निकलनी थी। बरात परछावन के दौरान वह ड्रोन कैमरा उड़ा रहा था, तभी अचानक दो बाइक पर सवार लगभग आधा दर्जन बदमाश पहुंचे और उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी।
गोली लगते ही नीतीश मौके पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद बरात में मौजूद लोगों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

