✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
तरवारा (सिवान): जीबी नगर थाना क्षेत्र के सलाहपुर गांव के समीप गंडक नहर बांध की पीच सड़क पर सोमवार देर शाम दो बाइक सवार चार बदमाशों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी संचालक हरिहरपुर लालगढ़ निवासी मनोज सिंह के पुत्र विकास कुमार सिंह से 2 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए।
विकास कुमार सिंह तरवारा बाजार में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का सीएसपी चलाते हैं। घटना के समय वह अपने केंद्र से 2.5 लाख रुपये लेकर घर लौट रहे थे। सलाहपुर के पास पीछा कर रहे बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद उनके बैग में रखे पैसे छीन लिए और मोबाइल को क्षतिग्रस्त कर दिया। धमकी देकर बदमाश फरार हो गए।
मंगलवार को पीड़ित विकास कुमार सिंह ने अज्ञात चार बदमाशों के खिलाफ जीबी नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इस संबंध में थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।