कार्यक्रम स्थल का मुखिया संघ ने किया निरीक्षण
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
पीएम के आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर, 16 जून को होगी प्रमुख बैठक
सिवान: पचरुखी प्रखंड के जसौली खर्ग गांव में 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को पचरुखी प्रखंड के मुखिया संघ के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के उपरांत तरवारा पंचायत के मुखिया रहमतुल्लाह अंसारी के आवास पर सभी सम्मानित मुखिया की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और प्रतिनिधियों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई।
आगामी 16 जून को सुपौली पंचायत भवन पर जनप्रतिनिधियों की एक और महत्वपूर्ण बैठक रखी गई है। इसमें केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री संजय झा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और स्थानीय सांसद विजय लक्ष्मी कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर लगातार समन्वय बैठकों का दौर जारी है ताकि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक और सफल साबित हो सके।