✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
तरवारा (सिवान): जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार के इंदिरा चौक स्थित दुर्गा मंदिर में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने दान पेटी को कटर से काटकर नकदी की चोरी कर ली। इस घटना को लेकर मंदिर के पुजारी सुधाकर दुबे ने थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों को आरोपित किया है। पुजारी के अनुसार, दान पेटी में करीब पांच महीनों के दान का पैसा था, जिसे चोरों ने उड़ा लिया।
घटना के बाद बाजार में इस चोरी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, क्योंकि मंदिर थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। लोगों का कहना है कि थाना द्वारा चौकीदार की ड्यूटी बाजार और एनएच 227 ए की सुरक्षा के लिए लगाई गई है, फिर भी चोरों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया।
जीबी नगर थाना प्रभारी रितेश कुमार मंडल ने बताया कि पुजारी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है। जल्द ही चोरों को पकड़ने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना से बाजार के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।