✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
महादेवा पुलिस की कार्रवाई, कार से लोडेड पिस्टल व कारतूस बरामद
• बभनौली गांव के समीप संदिग्ध कार से पांच युवक गिरफ्तार
• तलाशी में एक लोडेड पिस्टल, तीन कारतूस और तीन मोबाइल बरामद
• पुलिस ने वाहन को भी किया जब्त
• आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मामला
सिवान: महादेवा थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के समीप पुलिस ने एक कार में सवार पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार, कारतूस और मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान वाहन को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में जीबी नगर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी अभिमन्यु कुमार, विवेक महतो, शंभूपुर गांव निवासी नीरज कुमार, अनूप कुमार तथा अरविंद महतो शामिल हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।
महादेवा थानाध्यक्ष विनीत कुमार विनायक ने बताया कि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से नियमित गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइपास रोड स्थित बभनौली के समीप एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखते ही चालक ने भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से एक लोडेड पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद वाहन में सवार सभी पांच व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बरामदगी के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में महादेवा थाना में बीएनएस की धारा 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

