✍🏽 परवेज अख्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज थाना क्षेत्र के सिकटिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रहने वाली एक छात्रा की गुरुवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी गुड्डू राम की 15 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी के रूप में हुई है।
सोनी कुमारी विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी और 17 फरवरी से आयोजित मैट्रिक परीक्षा देने वाली थी। गुरुवार दोपहर हॉस्टल के कमरे में उसका शव कुर्सी पर पड़ा मिला। विद्यालय प्रबंधन ने तुरंत एसडीपीओ, थानाध्यक्ष और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। छात्रा की मौत की खबर सुनते ही परिजन विद्यालय पहुंचे और रोने-बिलखने लगे, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।