✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कंधवारा स्थित जीवन यादव फाउंडेशन के प्रधान कार्यालय को पुलिस ने सील कर दिया है। यह कार्रवाई 18 जनवरी की देर रात हुए भूमि विवाद में भाजपा जिला महामंत्री विक्की कुमार को गोली मारने की घटना के बाद की गई। विक्की कुमार, जो नगर थाना क्षेत्र के मौलेश्वरी चौक गरीब नाथ मंदिर के निवासी हैं, इस हमले में घायल हो गए थे।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास ने बताया कि घटना के बाद जीवन यादव ने घायल का इलाज डॉ. रामाजी चौधरी के अस्पताल में कराया था। मामले में पुलिस ने फाउंडेशन के दो स्टाफ—तितरा निवासी श्रदानंद और रसूलपुर निवासी ग्रीजानंद—को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने यह भी बताया कि डॉक्टर की भूमिका की जांच जारी है। इसके लिए अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। वहीं, इस मामले में नामजद आरोपी पप्पू यादव, जितेंद्र यादव और अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कंधवारा स्थित जीवन यादव फाउंडेशन के प्रधान कार्यालय को सील कर दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

