Explore

Search

June 20, 2026 3:13 am

जीरादेई : हथियार के बल पर आभूषण लूट मामले में चार बदमाश गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

जीरादेई के जामापुर बाजार में हुई 20 लाख की लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, हथियार व आभूषण बरामद


  • छह मई को ज्वेलर्स दुकान में हुई थी लूट
  • एसआईटी और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
  • चार बदमाश गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
  • हथियार और लूटे गए आभूषण बरामद

सिवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र अंतर्गत जामापुर बाजार स्थित ओम साईं बर्तन एवं ज्वेलर्स दुकान में हुई करीब 20 लाख रुपये के आभूषण लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से हथियार, गोली और लूटे गए कई आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार छह मई की दोपहर तीन बाइक पर सवार छह हथियारबंद बदमाशों ने जामापुर बाजार स्थित दुकान में घुसकर हथियार के बल पर करीब 20 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-टू गौरी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित एसआईटी टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के भागर निवासी गोलू कुमार यादव उर्फ धृति, सारण जिले के नगर थाना क्षेत्र के रौजा निवासी कुंदन कुमार उर्फ कुंदन कश्यप, रिविलगंज थाना क्षेत्र के शमशुद्दीनपुर निवासी पप्पू कुमार तथा चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी धनंजय कुमार साह के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक देसी कट्टा, एक गोली, एक सोने का लॉकेट, एक कानबाली, एक जोड़ा चांदी का बेरा, दो जोड़ा छोटे बच्चों का चांदी का पायल तथा 14 जोड़ा चांदी का पायल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित कुंदन कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
शनिवार को जीरादेई थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि लूट में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी और शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में एसटीएफ पटना की टीम भी शामिल रही। छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक डॉ. मनोज कुमार, रघुनाथपुर थानाध्यक्ष रवि रंजन कुमार, जीरादेई थानाध्यक्ष राहुल तिवारी, चैनपुर थानाध्यक्ष विजय रंजन, सिसवन थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार, डीआईयू एवं एसटीएफ के अधिकारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर