Explore

Search

April 11, 2026 2:09 am

जीरादेई : रिवाल्वर व कारतूस के साथ बदमाश गिरफ्तार, बड़ी वारदात की थी तैयारी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

जीरादेई थाना पुलिस की छापेमारी में एक बदमाश गिरफ्तार

  • एक रिवाल्वर और एक कारतूस बरामद
  • काली मंदिर के पास आपराधिक घटना की थी योजना
  • अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
  • गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई, एक आरोपी दबोचा गया

सिवान: जीरादेई थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को रिवाल्वर और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ठेपहा महदेवा टोला निवासी रवि कुमार यादव के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि गुरुवार की शाम करीब 8:05 बजे सूचना मिली कि जीरादेई थाना क्षेत्र के सुरवल गांव स्थित काली मंदिर के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ बैठे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही सभी संदिग्ध भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक रिवाल्वर और एक कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि कुमार यादव बताया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इस मामले में जीरादेई थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
छापेमारी टीम में जीरादेई थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर