✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
16-17 मई को जमापुर में होगा दो दिवसीय भाजपा प्रशिक्षण वर्ग
- जीरादेई के जमापुर स्थित डिवाईन पब्लिक स्कूल में होगा आयोजन
- प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
- संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण व चुनावी रणनीति पर होगा मंथन
- जिले भर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता लेंगे भाग
सिवान: भारतीय जनता पार्टी द्वारा 16 एवं 17 मई को आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन जीरादेई के जमापुर स्थित डिवाईन पब्लिक स्कूल में किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन निरंतर प्रशिक्षण, विचार और कार्यकर्ता निर्माण की परंपरा पर आधारित रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए समर्पित एक वैचारिक संगठन है। पार्टी समय-समय पर अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें संगठन की रीति-नीति, कार्यपद्धति, सेवा कार्यों एवं जनसंपर्क अभियानों से जोड़ती रही है। यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण वर्ग में बिहार भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, संगठन पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय सरावगी शामिल होंगे। इसके अलावा नागेंद्र, भीखू भाई दलसानिया, रामकृपाल यादव, डा. प्रमोद कुमार, मंगल पांडेय, जनक, शैलेंद्र शेखर, रितेश रंजन, विनोद सिंह एवं कुंतल कृष्णा सहित कई वरिष्ठ नेता प्रशिक्षण वर्ग में मौजूद रहेंगे।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, इंटरनेट मीडिया की भूमिका, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, विकसित भारत के संकल्प, आत्मनिर्भर भारत, सेवा कार्यों की रणनीति तथा आगामी चुनावी तैयारियों जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

