Explore

Search

February 25, 2026 4:11 am

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया गया जायजा
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
रात्रि गश्त में बाजारों व संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर सोमवार की देर रात जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों ने गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनमानस में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस टीमें गली-मोहल्लों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सक्रिय रहीं।
बबुनिया मोड़, तरवारा मोड़, जेपी चौक सहित सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें सड़कों पर उतरीं। गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई तथा देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वालों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान अपराधियों पर अंकुश लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर संदिग्ध स्थलों पर विशेष निगरानी रख रही है। सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों, एटीएम, पेट्रोल पंपों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर भी चौकसी बढ़ाई गई है।
प्रशिक्षु सिपाहियों को सीसीटीएनएस प्रणाली का दिया गया प्रशिक्षण
सिवान पुलिस लाइन में सोमवार को प्रशिक्षु सिपाहियों को सीसीटीएनएस प्रणाली का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षणरत सभी सिपाहियों को क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान सीसीटीएनएस पोर्टल पर प्राथमिकी की ऑनलाइन प्रविष्टि, केस डायरी व अनुसंधान से संबंधित डेटा अपडेट करना, अपराधियों का डिजिटल रिकॉर्ड संधारण, वारंट व समन की ऑनलाइन एंट्री तथा नागरिक सेवाओं से जुड़े मॉड्यूल के उपयोग की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों ने डिजिटल प्रणाली के महत्व, पारदर्शिता, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और अपराध नियंत्रण में सीसीटीएनएस की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को तकनीकी रूप से सशक्त एवं दक्ष बनाना बताया गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर