Explore

Search

June 20, 2026 3:01 am

जामो बाजार : ऑपरेशन नया सवेरा के तहत नौ नाबालिग लड़कियों को कराया गया मुक्त

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सिवान पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आर्केस्ट्रा संचालक गिरफ्तार, मानव तस्करी के एंगल से जांच जारी


  • जामोबाजार क्षेत्र में पुलिस ने की छापेमारी
  • नौ नाबालिग लड़कियों को कराया गया मुक्त
  • दो आर्केस्ट्रा संचालक गिरफ्तार
  • मानव तस्करी और शोषण के पहलुओं पर जांच तेज

सिवान जिले में अनैतिक देह व्यापार और मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जामोबाजार थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर शोषण का शिकार हो रही नौ नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। वहीं इस मामले में दो आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के नदिया जिला अंतर्गत कृष्णागंज थाना क्षेत्र के माझदेया नलपुर निवासी राहुल दास तथा चपरा थाना क्षेत्र के पिपरागढ़ निवासी धिरेन प्रमाणिक के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि जिले में अनैतिक देह व्यापार एवं मानव तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को गुप्त सूचना प्राप्त होने पर उनके निर्देश पर महिला थाना की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जामोबाजार थाना क्षेत्र में संचालित विभिन्न आर्केस्ट्रा स्थलों की घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान नौ नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया, जिन्हें जबरन प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में नृत्य करवाया जा रहा था। पुलिस अब सभी लड़कियों के वास्तविक नाम, पता और उम्र का सत्यापन करा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन लड़कियों को किन परिस्थितियों में यहां लाया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में जामोबाजार थाना में कांड दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण के विरुद्ध जिला पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
छापेमारी टीम में महिला थानाध्यक्ष सोनी कुमारी, जामोबाजार थानाध्यक्ष धीरज कुमार, एएचटीयू प्रभारी तथा रेस्क्यू फाउंडेशन, दिल्ली के सदस्य शामिल थे।
पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी महिला या लड़की के साथ इस प्रकार की घटना हो रही हो, तो इसकी सूचना नजदीकी थाना, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नंबर 9031683607 अथवा डायल-112 पर देने की अपील की गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर