Explore

Search

May 29, 2026 9:31 pm

जामो : प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, दो घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

जामो थाना क्षेत्र के बरहोगा कोठी गांव की घटना, पुलिस ने सुरक्षित नीचे उतारा


• प्रेमी से शादी की मांग को लेकर युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी
• सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उतारा
• खराब मौसम और बिजली कड़कने के बीच हादसे की बनी रही आशंका
• प्रेमी व उसके परिजन घर में ताला लगाकर फरार बताए गए


सिवान जिले के जामो थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहोगा कोठी गांव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय युवती टावर पर चढ़ी थी, उस दौरान मौसम खराब था और बारिश के साथ बिजली कड़कने की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में किसी बड़े हादसे का खतरा लगातार बना रहा। ग्रामीणों का कहना है कि थोड़ी सी भी चूक युवती की जान पर भारी पड़ सकती थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि युवती गांव के ही एक युवक से प्रेम करती है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवक के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर युवती शुक्रवार सुबह गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी को बुलाने तथा उससे शादी कराने की मांग करने लगी।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान युवती टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। बाद में पुलिस ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।

बताया जाता है कि युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही उसका प्रेमी और उसके परिजन घर में ताला लगाकर कहीं चले गए। इस वजह से मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रेम संबंधों को लेकर इस प्रकार की घटनाएं हाल के वर्षों में बढ़ी हैं, जो सामाजिक दृष्टि से चिंता का विषय हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर