✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जामो के जलालपुर गांव में धारदार हथियार से हमला, पुत्र की हालत गंभीर
• पुराने विवाद में दो पट्टीदारों के बीच हुआ खूनी संघर्ष
• धारदार हथियार के हमले में वृद्धा की इलाज के दौरान मौत
• मृतका का पुत्र गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
• घटना के बाद गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
सिवान : जामो थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में दो पट्टीदारों के बीच पुराने विवाद को लेकर सोमवार को खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में धारदार हथियार से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल वृद्धा की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान जलालपुर गांव निवासी सुरेश दुबे की 61 वर्षीय पत्नी तारा देवी के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक उनकी छोटा पुत्र सुजीत कुमार उर्फ विशाल बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम सुजीत कुमार उर्फ विशाल दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे पट्टीदारों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। पुत्र के शोर मचाने पर बचाव के लिए तारा देवी और अन्य स्वजन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से तारा देवी और उनके पुत्र पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करते हुए घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में भी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
पटना में इलाज के दौरान मंगलवार को तारा देवी की मौत हो गई। वहीं उनका पुत्र अब भी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

