Explore

Search

June 20, 2026 3:27 am

जामापुर लूटकांड : पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी के समर्थन में एसपी से मिला स्वर्णकार संघ

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

लूटे गए सामान की बरामदगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग


  • अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ का शिष्टमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा
  • पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की उठी मांग
  • स्वर्णकार समाज में बढ़ती घटनाओं पर जताई चिंता
  • कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री तक मामला ले जाने की चेतावनी

जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार में हुए लूटकांड के बाद अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ का शिष्टमंडल शनिवार की देर शाम पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी के स्वजनों से मिला। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की।
शिष्टमंडल में अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव डॉ. रूपेश सर्राफ, बिहार प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय, प्रदेश महासचिव दिलीप सर्राफ सहित जिले के कई पदाधिकारी शामिल रहे।
प्रदेश अध्यक्ष सत्यम भारतीय ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय तभी मिलेगा जब लूटे गए सामान की पूर्ण बरामदगी होगी। उन्होंने कहा कि यह मामला जिले की कानून व्यवस्था की परीक्षा है और पुलिस प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
राष्ट्रीय सचिव डॉ. रूपेश सर्राफ ने कहा कि लगातार हो रही इस प्रकार की घटनाओं से स्वर्णकार समाज आहत और चिंतित है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के सामने आज जीवन-यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
प्रदेश महासचिव दिलीप सर्राफ ने कहा कि यदि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में विफल रहता है तो स्वर्णकार संघ इस लड़ाई को मुख्यमंत्री तक ले जाएगा, लेकिन परिवार को न्याय और माल बरामदगी से वंचित नहीं होने देगा।
इसके बाद शिष्टमंडल ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और अविलंब कार्रवाई की मांग की। इस दौरान प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि घटना में शामिल सभी अभियुक्तों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा लूटे गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।
मौके पर स्वर्णकार संघ के जिलाध्यक्ष आनंद सोनी, कोषाध्यक्ष मुन्ना सोनी, राजू सोनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसकी जानकारी स्वर्णकार संघ के कंचन सर्राफ ने मीडिया को दी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर