Explore

Search

April 21, 2026 4:30 pm

गोरेयाकोठी : संदेहास्पद स्थिति में होमगार्ड जवान की मौत, जांच शुरू

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

छत पर सोए जवान की सुबह मिली लाश, परिवार में मचा कोहराम


• सिसई गांव में होमगार्ड जवान की संदिग्ध मौत
• सुबह छत पर अचेत अवस्था में मिला शव
• पोस्टमार्टम के बाद गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
• जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा मौत का कारण


सिवान जिले के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिसई गांव में सोमवार की सुबह एक होमगार्ड जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतक की पहचान उक्त गांव निवासी मुकेश प्रसाद के पुत्र सचिन कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत जिला समादेष्टा कार्यालय लाया गया, जहां जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान जिला समादेष्टा पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
परिजनों के अनुसार, सचिन कुमार जिला समादेष्टा कार्यालय में तैनात थे। रविवार की शाम वह अपने दोस्तों के साथ पहलेजपुर में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 10 बजे घर लौटने के बाद वह छत पर सोने चले गए।
सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिले। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सचिन ने 20 जनवरी 2026 को जिला समादेष्टा कार्यालय में योगदान दिया था और वहीं कार्यरत थे।
इस संबंध में जिला समादेष्टा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही स्वजनों को अंतिम संस्कार के लिए 15 हजार रुपये की सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर