✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
18 सदस्यों के हस्ताक्षरयुक्त पत्र बीडीओ को सौंपा, प्रखंड की राजनीति में बढ़ी हलचल
• 30 सदस्यीय पंचायत समिति में 18 सदस्यों ने दिया अविश्वास प्रस्ताव
• पूर्व प्रमुख नसीमा खातून के नेतृत्व में बीडीओ को सौंपा गया पत्र
• वर्तमान प्रमुख पर दायित्वों का संवैधानिक रूप से निर्वहन नहीं करने का आरोप
• सदस्यों के सुझाव व निर्णयों को प्रस्ताव के रूप में नहीं लेने की शिकायत
सीवान जिले के गोरेयाकोठी प्रखंड में पंचायत समिति की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। बुधवार को प्रखंड प्रमुख रजिया खातून के खिलाफ पंचायत समिति के सदस्यों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया।
जानकारी के अनुसार 30 सदस्यीय पंचायत समिति में से 18 सदस्यों ने हस्ताक्षरयुक्त पत्र तैयार कर पूर्व प्रमुख नसीमा खातून के नेतृत्व में कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ डॉ. अभय कुमार को इसकी प्रतिलिपि सौंपी। हालांकि बुधवार को प्रखंड कार्यालय में हस्ताक्षर करने वाले सदस्यों में से 11 सदस्य ही उपस्थित हुए।
बीडीओ डॉ. अभय कुमार ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित पत्र प्राप्त हुआ है। इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सदस्यों द्वारा दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि वर्तमान प्रमुख रजिया खातून अपने दायित्वों का निर्वहन संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं कर रही हैं और उन्होंने सदस्यों का विश्वास खो दिया है। पत्र में कहा गया है कि ऐसी स्थिति में उनका पद पर बने रहना उचित नहीं प्रतीत होता है।
सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि सदन में सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों और बहुमत से पारित निर्णयों को प्रस्ताव के रूप में दर्ज नहीं किया जाता है। इसके अलावा पंचायत समिति के सदस्यों के समक्ष अब तक किसी प्रकार का लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया गया है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि महिला एवं कमजोर वर्ग के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को प्रस्ताव पुस्तिका में शामिल नहीं किया जाता तथा उनके साथ असहयोगपूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण व्यवहार किया जाता है।
अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वाले पंचायत समिति सदस्यों में नसीमा खातून, शैरुन नेशा, श्यामबली प्रसाद, सरोज देवी, अवधकिशोर महतो, तिलेश्वर राम सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। इस घटनाक्रम के बाद गोरेयाकोठी प्रखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और भी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

