✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान। कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को गोरेयाकोठी प्रखंड के मुस्तफाबाद पंचायत के छितौली खुर्द निवासी रमेश यादव के घर पहुंचकर घटना पर शोक प्रकट किया और सांत्वना दी। प्रतिनिधिमंडल में बिहार प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद, प्रखंड अध्यक्ष ध्रुव लाल कुशवाहा, संतोष पांडेय, और दरोगा मांझी शामिल थे।
डॉ. एहतेशाम ने बताया कि 5 जनवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे शॉर्ट सर्किट के कारण रमेश यादव के घर में आग लग गई थी। इस हादसे में दरवाजे पर खड़ी एक बाइक और कार पूरी तरह जलकर राख हो गईं। पशुधन के रूप में भैंस का एक बच्चा घायल हो गया, जबकि तीन बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक सहयोग की स्थिति जानने के लिए जानकारी ली, तो पता चला कि पीड़ित द्वारा लिखित आवेदन देने के बावजूद गोरेयाकोठी थाने में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। इस पर डॉ. एहतेशाम ने तुरंत एसपी अमितेश कुमार से मोबाइल पर बात कर घटना की जानकारी दी और पीड़ित के आवेदन को एसपी तक पहुंचाया। एसपी ने आश्वासन दिया कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उपेंद्र सिंह, आदिल खान, इमामुल हक खान, राजू साह, और अमीर मंसूरी भी उपस्थित थे।