✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
गोरेयाकोठी प्रखंड के आज्ञा पंचायत के छितौली कला मुसहर बस्ती (खरियार टोला) में शुक्रवार की सुबह खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण एक घर में आग लग गई। जैसे ही लोग इस पर ध्यान देते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही समय में घर में रखी सारी संपत्ति जलकर राख हो गई।
घटना के बाद, आसपास के ग्रामीण जुटे और किसी तरह आग पर काबू पाया। गृहस्वामी शत्रुघ्न मुसहर ने बताया कि आग लगने से घर में रखे कपड़े, बिछावन, अनाज, रुपये, गहने सहित एक लाख से अधिक की संपत्ति जल गई। पल भर में उनका परिवार घर से बेघर हो गया और अब ठंड के मौसम में उनका ठिकाना कहां होगा, यह एक बड़ा सवाल बन गया है।
ग्रामीणों के बीच चर्चा हो रही थी कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बगल की महादलित बस्ती के दर्जनों घर भी प्रभावित हो सकते थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विशाल गुप्ता और रवि कुमार ने पहुंचकर गृहस्वामी से जानकारी ली। साथ ही, स्थानीय थाना और अंचल कार्यालय को भी सूचित किया गया। हालांकि, समाचार प्रेषण तक कोई सरकारी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था। इस बीच, पीड़ित परिवार का हाल देखकर हर कोई सहम गया था।