Explore

Search

July 26, 2026 12:31 pm

गोरेयाकोठी : अनियंत्रित पिकअप ने तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • तेज रफ्तार बनी मौत की वजह, पिता-पुत्र गंभीर घायल
  • देर रात अफराद मोड़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा
    बाइक सवार की मौके पर ही मौत
  • पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल, एक पटना रेफर
  • गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सिवान: गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के अफराद मोड़ के समीप मंगलवार की देर रात तेज रफ्तार एक अनियंत्रित पिकअप ने तीन लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में घायल पिता की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। वहीं छह वर्षीय बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मृतक की पहचान गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के जलपुरवा निवासी 35 वर्षीय सनोज यादव के रूप में हुई है, जो बाइक से अपने ससुराल जा रहा था। वहीं घायलों की पहचान अफराद गांव निवासी 45 वर्षीय फागु रावत और उनके 6 वर्षीय पुत्र संतोष रावत के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अफराद मोड़ के पास सड़क किनारे पैदल जा रहे पिता-पुत्र को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद भी चालक वाहन लेकर फरार होता रहा और जामो थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास एक बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद चालक भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन कुछ दूरी पर वाहन का टायर पंचर हो गया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जामो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जलालपुर गांव के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम समाप्त कराया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर