Explore

Search

March 6, 2026 4:26 am

गोपालपुर नगर पंचायत के चेयरमैन इमाम जाकिर अंसारी पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचे

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सार्वजनिक पार्क निर्माण को लेकर विवाद की आशंका, हमलावरों पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप

सिवान: जिले के गोपालपुर नगर पंचायत के चेयरमैन इमाम जाकिर अंसारी पर असामाजिक तत्वों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में चेयरमैन बाल-बाल बच गए। हमलावरों ने कथित तौर पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब चेयरमैन इमाम जाकिर अंसारी एक नजदीकी सैलून में बाल कटवाने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। बताया जाता है कि हमलावरों के हाथों में पारंपरिक हथियार भी थे। हालांकि स्थानीय लोगों की मौजूदगी और चेयरमैन की सतर्कता के कारण वे इस हमले में सुरक्षित बच गए।
चेयरमैन इमाम जाकिर अंसारी का आरोप है कि यह हमला सरकारी योजना के तहत प्रस्तावित एक सार्वजनिक पार्क के निर्माण कार्य को रोकने के उद्देश्य से कराया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ दबंग तत्व इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं और पहले भी उन्हें धमकियां मिलती रही हैं।
घटना के बाद चेयरमैन ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जमालहाता गांव निवासी हसमत अली, शहमद अली, साजिद अली और चशमुद्दीन अली को नामजद आरोपित किया है।
अपनी तहरीर में चेयरमैन ने यह भी आरोप लगाया है कि नामजद लोग उन्हें लगातार गोली मारने की धमकी देते रहे हैं, जिससे उन्हें किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर