Explore

Search

February 22, 2026 4:19 am

गोपालगंज के अफसर अली उर्फ पप्पू की बड़हरिया में हत्या, अर्द्धनिर्मित मुर्गी फार्म में मिला शव

गोपालगंज के अफसर अली उर्फ पप्पू की बड़हरिया में हत्या, अर्द्धनिर्मित मुर्गी फार्म में मिला शव

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सिर में चाकू से वार कर की गई हत्या, स्कॉर्पियो और मोबाइल बरामद
सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब भलुई पनीसरा गांव स्थित चंवर में निर्माणाधीन मुर्गी फार्म से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र अंतर्गत पैठान पट्टी निवासी रफीक अहमद के पुत्र अफसर अली उर्फ पप्पू (32) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने अफसर अली की सिर के पिछले हिस्से में चाकू गोदकर हत्या कर दी और शव को अर्द्धनिर्मित मुर्गी फार्म में फेंक दिया। शनिवार की सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा तथा एसडीपीओ अजय कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया, जो मृतक के रिश्तेदार की बताई जा रही है। अफसर उक्त वाहन को किराए पर सवारी ढोने के लिए चलाता था। साथ ही उसका मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मोबाइल का सीडीआर निकालकर जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, अफसर शुक्रवार को सवारियों को लेकर छपरा के खैरा गया था और वहां से लौटने के बाद शनिवार को अपने घर पहुंचा। इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया, जिसके बाद वह स्कॉर्पियो लेकर घर से निकल गया। शनिवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे निर्माणाधीन मुर्गी फार्म में उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
थानाध्यक्ष छोटन कुमार की सूचना पर फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। स्वजनों के मुताबिक, अफसर अली कुछ दिनों में विदेश जाने वाला था।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा नहीं प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी थी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर