✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
विद्यालय की बस की चपेट में आई दो छात्राएं, एक की गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत, प्रशासन से मुआवजे की मांग
गुठनी थाना क्षेत्र के बरपलिया गांव के समीप गुठनी-दरौली मुख्य पथ पर 12 मार्च को एक निजी विद्यालय की बस की चपेट में आने से दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इनमें से मैरवा थाना क्षेत्र के परसिया निवासी जुगनू अंसारी की पुत्री रबिया खातून की बुधवार रात गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार की शाम जब मृतका का शव गांव पहुंचा, तो स्वजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बरपलिया में गुठनी-दरौली मुख्य पथ पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के दस दिन बीत जाने के बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने घायलों की कोई सुध नहीं ली। उन्होंने यह भी दावा किया कि दुर्घटना के बाद जब्त की गई बस को प्रशासन ने बदल दिया है, क्योंकि दुर्घटनाग्रस्त बस की फिटनेस और बीमा फेल था। ग्रामीणों ने मृतका के स्वजनों को उचित मुआवजा देने और विद्यालय प्रशासन से भी आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।
सड़क जाम की सूचना पर पहुंचे बीडीओ डॉ. संजय कुमार, सीओ डॉ. विकास कुमार और प्रभारी थानाध्यक्ष गणेश चौहान ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रशासन ने परिवहन विभाग से चार लाख रुपये की मुआवजा राशि दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सड़क जाम हटाया गया। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि उदय राम, मनोज पांडेय, रामहरि यादव, डॉ. शंभू यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गौरतलब है कि मृतका रबिया खातून अपने नाना के घर बरपलिया में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

